हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग, एलपीजी कैरियर्स गुजरात के लिए रवाना
नई दिल्ली: खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच ईरान ने भारतीय जहाजों को हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग देने का आश्वासन दोहराया है। ईरान के सुप्रीम लीडर के भारत में प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि भारतीय जहाजों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
इस बीच भारत के शिपिंग मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि दो भारतीय ध्वज वाले एलपीजी कैरियर्स — शिवालिक और नंदा देवी — युद्ध प्रभावित खाड़ी क्षेत्र को सुरक्षित रूप से पार कर चुके हैं। दोनों जहाज 92,700 टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं।
नई दिल्ली में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने भारत-ईरान संबंधों को मजबूत बताते हुए कहा, “हमारा मानना है कि ईरान और भारत मित्र देश हैं। हमारे समान हित हैं और हमारा भविष्य भी जुड़ा हुआ है।” उन्होंने संकेत दिया कि जहाजों की आवाजाही को लेकर सकारात्मक प्रगति कुछ ही घंटों में देखने को मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के पश्चिम में मौजूद लगभग दो दर्जन भारतीय ध्वज वाले जहाजों के सुरक्षित पारगमन को लेकर तेहरान के साथ लगातार संपर्क में है।
इसके अलावा, सऊदी अरब का कच्चा तेल लेकर आ रहा एक टैंकर भी जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार करने के बाद जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद है।
